BREAKING

छत्तीसगढराज्य

सेवा संकल्प अभियान: बेरला कृषि मंडी में जन समस्या निवारण शिविर, हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ

रायपुर, प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत नगर पंचायत बेरला द्वारा कृषि उपज मंडी परिसर में भव्य जनकल्याण एवं जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर अपनी-अपनी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम नागरिकों को दी गई।

कार्यक्रम में बेमेतरा विधायक श्री दीपेश साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने सभी विभागों के स्टॉल का अवलोकन किया, योजनाओं की जानकारी ली और हितग्राहियों से सीधा संवाद किया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण और नगरवासी पहुंचे और योजनाओं का लाभ लिया।

शिविर के दौरान स्कूली बच्चों को जाति प्रमाण पत्र, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान पूर्ण होने पर हितग्राहियों को आवास की चाबी, मत्स्य पालन करने वाले हितग्राहियों को मछली रखने के लिए आइस बॉक्स एवं घर का पट्टा वितरित किया गया। साथ ही गर्भवती माताओं के लिए गोद भराई कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विधायक श्री दीपेश साहू ने गर्भवती माताओं को अपने हाथों से खीर खिलाकर उनके स्वस्थ जीवन की कामना की।

विधायक श्री दीपेश साहू ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का मुख्य उद्देश्य शासन की योजनाओं और सुविधाओं को पात्र हितग्राहियों तक सीधे पहुंचाना है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिन पर आयोजित यह अभियान सेवा, समर्पण और जनकल्याण की भावना को मजबूत करता है।उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। ऐसे शिविरों के माध्यम से नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी मिल रही है और उन्हें प्रमाण पत्र एवं लाभ तत्काल प्रदान किया जा रहा है।

विधायक श्री साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास से गरीबों को पक्की छत मिल रही है, जाति प्रमाण पत्र से विद्यार्थियों को पढ़ाई और शासकीय योजनाओं में सुविधा होगी, वहीं मत्स्य पालन से जुड़े लोगों को सामग्री देकर उनकी आजीविका मजबूत की जा रही है। गोद भराई जैसे कार्यक्रम हमारी परंपरा के साथ मातृ-शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का भी संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि ’’सरकार आपके द्वार’’ की भावना से ऐसे शिविर लगातार आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि लोगों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उनकी समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर ही हो सके।

इस अवसर पर प्रदेश मंत्री संध्या परगनिहा, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि योगेश तिवारी, नरेंद्र वर्मा, डोमेन्द्र राजपूत, विशाल देशलहरे, रघुवीर पिंटू सिन्हा, संतोष साहू, राजा गौकरण साहू, रेखा पोषण सिंह, सेवाराम साहू, देवेंद्र वर्मा, अमृत माहेश्वरी, सूर्यकांत साहू, लक्ष्मी लता वर्मा, किशुन लाल साहू, राजू साहू, यशवंत निषाद, शैलेंद्र वर्मा, कन्हैया सेन, पुरुषोत्तम यादव, बलराम तिवारी, राघव सिंह सहित बड़ी संख्या अन्य जनप्रतिनिधिगण, नगर पंचायत सीएमओ सहित समस्त अधिकारी-कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts