BREAKING

बड़ी खबर

गरीबी और नक्सलवाद के बाद अब नशे पर प्रहार, पीएम मोदी ने तय किया नया लक्ष्य

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश से गरीबी और वामपंथी उग्रवाद के खतरे को कम करने में मिली सफलता का जिक्र करते हुए अब नशे की समस्या को जड़ से खत्म करने का आह्वान किया है। बुधवार को मंत्रिपरिषद और केंद्र सरकार के सचिवों के साथ हुई बैठक में उन्होंने नशीले पदार्थों के दुरुपयोग को देश के सामने अगली बड़ी चुनौती बताते हुए इसे समाप्त करने के लिए सामूहिक प्रयास करने पर जोर दिया।

बैठक के दौरान प्रधानमंत्री ने कहा कि जिस तरह देश ने करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकालने और वामपंथी उग्रवाद पर काबू पाने में सफलता हासिल की है, उसी तरह दृढ़ इच्छाशक्ति और जनभागीदारी से नशे के खिलाफ लड़ाई भी जीती जा सकती है।

खर्च में संयम और बचत की आदत अपनाने पर जोर

प्रधानमंत्री ने मंत्रियों और सचिवों से लोगों के बीच बचत की आदत को प्रोत्साहित करने की अपील की। उन्होंने चिंता जताई कि आर्थिक रूप से बेहतर स्थिति में पहुंचने के बाद यदि लोग अनियंत्रित खर्च करने लगते हैं, तो उनके दोबारा गरीबी की चपेट में आने का खतरा बढ़ सकता है। उन्होंने भारतीय संस्कृति में संयम और बचत के महत्व को भी रेखांकित किया।

युवाओं को नशे से बचाना प्राथमिकता

पीएम मोदी ने कहा कि देश की आने वाली पीढ़ी को सुरक्षित रखने के लिए नशीले पदार्थों के सेवन और दुरुपयोग पर प्रभावी रोक लगाना बेहद जरूरी है। उन्होंने नशामुक्ति को केवल सरकारी अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे प्रत्येक नागरिक का व्यक्तिगत संकल्प बनाने की बात कही।

उन्होंने सभी संबंधित विभागों से समन्वित रणनीति के साथ काम करने और समाज के हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री के मुताबिक, सरकार के प्रयासों के साथ आम लोगों का सहयोग जुड़ने पर ही इस चुनौती का स्थायी समाधान संभव है।

गौरतलब है कि मनीला में आसियान शिखर सम्मेलन से लौटने के कुछ घंटों बाद ही प्रधानमंत्री ने इस महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में गरीबी उन्मूलन, आंतरिक सुरक्षा और नशे के खिलाफ देशव्यापी अभियान को आगे बढ़ाने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts