अंबिकापुर । छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन का वार्षिक द्वि-दिवसीय प्रांतीय अधिवेशन एवं दशम अग्र अलंकरण समारोह-2026 आगामी 19 और 20 सितंबर को अंबिकापुर में आयोजित होगा। अग्रवाल सभा अंबिकापुर एवं सरगुजा संभागीय अग्रवाल महासभा के संयुक्त आतिथ्य में होने वाले इस आयोजन की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। आयोजन में प्रदेशभर से समाज के 300 से अधिक प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।
अग्रवाल सभा अंबिकापुर के अध्यक्ष संजय मित्तल और महामंत्री संजय अग्रवाल ने बताया कि अधिवेशन का उद्देश्य समाज को संगठित करना, सेवा गतिविधियों को विस्तार देना और सामाजिक समरसता को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि सरगुजा में इस आयोजन से समाज के बीच रोटी-बेटी के संबंध मजबूत होंगे और संगठनात्मक गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी।
सरगुजा संभागीय अग्रवाल महासभा के अध्यक्ष पवन अग्रवाल, युवा अध्यक्ष मनोज अग्रवाल, महामंत्री सुनील अग्रवाल (बॉबी) और मुकेश अग्रवाल ने बताया कि इस वर्ष आयोजित होने वाला दशम अग्र अलंकरण समारोह कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहेगा। इसमें समाज सेवा, शिक्षा, चिकित्सा, उद्योग, व्यापार, साहित्य, संस्कृति, खेल, प्रशासन, महिला सशक्तिकरण और युवा नेतृत्व सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 18 विशिष्ट प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। प्रत्येक सम्मानित प्रतिभा को 11 हजार रुपये की सम्मान राशि, प्रशस्ति-पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान किए जाएंगे।
प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. अशोक अग्रवाल ने कहा कि अंबिकापुर में होने वाला यह आयोजन केवल संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के अग्रवाल समाज का सामाजिक, सांस्कृतिक और वैचारिक महाकुंभ होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर से समाजबंधुओं के आगमन से सामाजिक एकता, पारस्परिक सहयोग और सांस्कृतिक चेतना को नई मजबूती मिलेगी।
आयोजकों के अनुसार, अधिवेशन का शुभारंभ 19 सितंबर को सुबह 11 बजे दीप प्रज्ज्वलन और वैदिक मंगलाचरण के साथ होगा। इसके बाद महिला प्रकोष्ठ, युवा प्रकोष्ठ, संगठन विस्तार, शिक्षा, स्वास्थ्य, आर्थिक सशक्तिकरण और सेवा प्रकल्पों पर विभिन्न विचार सत्र आयोजित किए जाएंगे। प्रतिनिधियों के सुझावों के लिए खुला संवाद सत्र भी रखा गया है।
संगठन के संरक्षक जयदेव सिंघल, चेयरमैन अशोक मोदी, कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल, प्रांतीय महामंत्री संजय अग्रवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुभाष गोयल, महिला अध्यक्ष डॉ. अनीता अग्रवाल और युवा अध्यक्ष आशीष सेक्सरिया ने बताया कि आयोजन छत्तीसगढ़ के संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल के संरक्षण में होगा। समाज की ओर से जल्द ही राज्यपाल, मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों को भी आमंत्रित किया जाएगा।
आयोजकों ने प्रदेशभर के अग्रवाल समाज से परिवार सहित इस ऐतिहासिक अधिवेशन में शामिल होकर समाज की एकता, सेवा और संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया है।







