BREAKING

छत्तीसगढराज्य

भोपाल से खाटूश्यामजी जा रही बस का भीषण एक्सीडेंट, 8 श्रद्धालुओं की मौत

कोटा। राजस्थान के कोटा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मध्य प्रदेश से श्रद्धालुओं को लेकर खाटूश्यामजी जा रही मिनी बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे नाले में जा गिरी। हादसे के समय बस में 25 यात्री सवार थे। दुर्घटना में 8 लोगों की मौत होने की सूचना है, जबकि 17 यात्री घायल बताए जा रहे हैं।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए शीशे तोड़े गए। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार बस सड़क से नीचे गिरने के बाद बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस के साथ मिलकर घायलों को बाहर निकालने में मदद की।

बैतूल के रहने वाले बताए जा रहे मृतक

प्रारंभिक जानकारी में हादसे में जान गंवाने वालों में अरुणा, वैष्णवी, त्रिशा, कृष्णा, अनिता, ओम सूर्यवंशी और राजू के नाम सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि ये सभी मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के निवासी थे। हादसे में मिनी बस चालक की भी मौत होने की जानकारी है। हालांकि मृतकों की पहचान और संख्या की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

चालक को झपकी आने की आशंका

पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि चालक को नींद की झपकी आने के कारण वाहन अनियंत्रित हुआ होगा। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह अभी सामने नहीं आई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।

इस हादसे ने खाटूश्यामजी के दर्शन के लिए निकले श्रद्धालुओं की यात्रा को दर्दनाक हादसे में बदल दिया। दुर्घटना की खबर मिलने के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts