BREAKING

बड़ी खबर

उत्तराखंड में घर बनाने का पंत का सपना होगा पूरा? CM धामी ने दिया मदद का भरोसा

 भारतीय टीम के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत की उत्तराखंड में जमीन खरीदने की गुहार पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जवाब दिया है। सीएम धामी ने पंत की तारीफ करते हुए उन्हें उत्तराखंड का गौरव बताया और उनकी मदद का भरोसा दिया है। उन्होंने कहा कि पंत की ओर से उठाए गए मामले को लेकर संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए जा रहे हैं और वे जल्द ही पंत से संपर्क करेंगे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि ऋषभ पंत ने अपने शानदार खेल और उपलब्धियों से देश-दुनिया में देवभूमि का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि अपनी मातृभूमि के प्रति पंत का प्यार और वापस आकर राज्य के विकास में योगदान देने की इच्छा सराहनीय है। सीएम ने भरोसा दिलाया कि संबंधित अधिकारी पंत से संपर्क कर नियमों के तहत हरसंभव मदद करेंगे।

दरअसल, ऋषभ पंत ने आधी रात सोशल मीडिया पर पोस्ट कर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से उत्तराखंड में जमीन खरीदने में मदद की अपील की थी। पंत ने बताया था कि वो दिल्ली से अपना बेस उत्तराखंड शिफ्ट करना चाहते हैं, लेकिन पिछले तीन साल से उन्हें रहने के लिए अच्छी और बड़ी जमीन नहीं मिल पा रही है। उन्होंने कहा था कि उन्हें अपने उत्तराखंड से बहुत प्यार है और वह अपने पहाड़ी लोगों के बीच वापस लौटना चाहते हैं।

पंत ने ये भी बताया कि जमीन से जुड़ा एक मामला पहले से अटका हुआ है। उनके मुताबिक, राज्य के प्रचार-प्रसार के लिए किए गए काम के बदले उन्हें जमीन मिलनी थी, लेकिन तीन साल बीत जाने के बाद भी यह मामला आगे नहीं बढ़ पाया है। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस मामले पर ध्यान देने की अपील की और कहा कि वह उत्तराखंड के विकास में योगदान देना चाहते हैं।

भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ने ये भी साफ किया कि वो सरकार से मुफ्त जमीन या किसी तरह का तोहफा नहीं चाहते। उन्होंने कहा कि अगर उन्हें अनुमति मिलती है तो वो सरकार की तय दरों पर जमीन खरीदना चाहते हैं, ताकि अपने गृह राज्य में अपना पहला घर बना सकें। ऋषभ पंत ने ये भी माना कि उन्हें जमीन खरीदने की सरकारी प्रक्रिया की जानकारी नहीं है, इसलिए उन्होंने मुख्यमंत्री से मदद मांगी थी।

अब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से जवाब मिलने के बाद पंत की इस अपील पर आगे की प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है। अधिकारियों के जल्द संपर्क करने के आश्वासन के साथ अब ये देखना दिलचस्प होगा कि उत्तराखंड में अपना घर बनाने का पंत का तीन साल पुराना सपना कब पूरा होता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts