BREAKING

बड़ी खबर

कियारा की प्रेग्नेंसी पर यश और गीतू का रिएक्शन, बोलीं- वो पल कभी नहीं भूलूंगी

मुंबई। कियारा आडवाणी जल्द ही फिल्म ‘टॉक्सिक’ में एक बिल्कुल अलग अंदाज में नजर आने वाली हैं। फिल्म में उनके साथ यश, नयनतारा, हुमा कुरैशी, दिशा पाटनी और तारा सुतारिया जैसे कलाकार दिखाई देंगे। यह फिल्म कियारा के लिए इसलिए भी खास है क्योंकि इसकी शूटिंग के दौरान वह प्रेग्नेंट थीं। अब कियारा ने बताया है कि इस मुश्किल दौर में अभिनेता यश और फिल्म की निर्देशक गीतू मोहनदास ने उनका किस तरह साथ दिया।

प्रेग्नेंसी की खबर सुनकर खुश हुए यश

कियारा ने बताया कि जब उन्हें अपनी प्रेग्नेंसी की जानकारी मिली तो परिवार के बाद उन्होंने सबसे पहले यश और गीतू को यह खबर दी। कियारा के मुताबिक, दोनों ने उस समय फिल्म की शूटिंग या लॉजिस्टिक्स की चिंता करने के बजाय उन्हें बधाई दी और बेहद भावुक हो गए।

कियारा ने कहा कि यश और गीतू ने उनसे कहा कि अब वे जिंदगी के सबसे खूबसूरत पलों में से एक का अनुभव करने जा रहे हैं। उनके इस रिएक्शन ने कियारा को काफी भावुक कर दिया।

सेट पर दिया पूरा कम्फर्ट

कियारा ने बताया कि यश और गीतू ने उन्हें सेट पर पूरी तरह सहज महसूस कराया। उन्होंने कहा कि उन्हें जो खाना हो वह खाएं, आराम करें और टीम मिलकर बेहतरीन फिल्म बनाने पर ध्यान दे। कियारा के मुताबिक, टीम ने उनके साथ ऐसा ही व्यवहार किया और शूटिंग के दौरान उन्हें किसी तरह का दबाव महसूस नहीं होने दिया।

कियारा ने दोनों का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि उन्होंने उन्हें ऐसा महसूस कराया कि वह उस समय भी बहुत कुछ कर सकती हैं। उन्होंने पूरी टीम को बेहतरीन टीम बताया और उम्मीद जताई कि दर्शकों को फिल्म में उनका जुनून और अलग तरह का सिनेमा देखने को मिलेगा।

यश ने खुद को बताया था कियारा का ‘बाउंसर’

इससे पहले यश ने भी एक कार्यक्रम में बताया था कि फिल्म की शूटिंग के दौरान कियारा प्रेग्नेंट थीं, इसलिए वह और गीतू उनका विशेष ध्यान रखते थे। मजाकिया अंदाज में यश ने कहा था कि वह कियारा के ‘बाउंसर’ बन गए थे। उन्होंने कियारा की प्रोफेशनल कमिटमेंट और समर्पण की भी तारीफ की थी।

ग्लोबल स्तर पर भारतीय सिनेमा दिखाने का विजन

कियारा ने फिल्म के विजन के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा कि ‘टॉक्सिक’ का उद्देश्य भारतीय सिनेमा, बेहतरीन कलाकारों और देश के प्रतिभाशाली तकनीशियनों को ग्लोबल स्तर तक पहुंचाना है।

फिल्म 26 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। ‘टॉक्सिक’ को कन्नड़ और अंग्रेजी में शूट किया गया है, जबकि इसे हिंदी, तेलुगु, तमिल और मलयालम समेत कई भाषाओं में रिलीज किया जाएगा। फिल्म की एडवांस बुकिंग को भी अच्छा रिस्पॉन्स मिलने की बात कही जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts