BREAKING

बड़ी खबर

रक्षाबंधन पर देशभर में जश्न, PM मोदी और राष्ट्रपति मुर्मू ने दी बधाई

देशभर में आज 28 अगस्त को रक्षाबंधन का त्योहार धूमधाम से मनाया जा रहा है। भाई-बहन के प्रेम, स्नेह और विश्वास के प्रतीक इस पावन पर्व पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला समेत केंद्रीय मंत्रियों ने देशवासियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दी हैं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दी शुभकामनाएं

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देश-विदेश में रहने वाले सभी भारतीयों को रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि रक्षा बंधन की पावन परंपरा प्राचीन काल से हमारी उपासना और संस्कृति का हिस्सा रही है। श्रद्धापूर्वक हाथ पर बांधा जाने वाला धागा रक्षा के पवित्र सूत्र के रूप में माना जाता है।

राष्ट्रपति ने कहा कि समय के साथ रक्षाबंधन बहन द्वारा भाई की कलाई पर राखी बांधने के भावपूर्ण सामाजिक पर्व के रूप में लोकप्रिय हुआ। यह त्योहार भाई-बहनों के साथ-साथ परिवार और समाज के सदस्यों के बीच आत्मीयता, सम्मान और एक-दूसरे के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करता है।

उन्होंने कहा कि यह पर्व हमें याद दिलाता है कि जीवन के हर रिश्ते की नींव विश्वास, संवेदनशीलता और परस्पर सहयोग पर आधारित होती है। उन्होंने देश और समाज की रक्षा का संकल्प लेने तथा विकसित भारत के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

PM मोदी ने सुख-समृद्धि की कामना की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देशवासियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह पावन पर्व सभी के जीवन में खुशहाली, समृद्धि और सफलता लेकर आए। साथ ही उन्होंने कामना की कि स्नेह, अपनत्व और आपसी विश्वास की डोर हमेशा अटूट बनी रहे।

ओम बिरला ने बताया विश्वास और सम्मान का पर्व

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने रक्षाबंधन को भाई-बहन के आपसी स्नेह और भरोसे का पर्व बताते हुए देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह त्योहार देश की समृद्ध संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और अपनत्व के अटूट रिश्तों का प्रतीक है।

ओम बिरला ने कहा कि रक्षाबंधन केवल रक्षा-सूत्र बांधने का त्योहार नहीं है, बल्कि विश्वास, सम्मान, प्रेम और जीवनभर साथ निभाने के संकल्प का उत्सव भी है। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति में रक्षा का अर्थ केवल बहन की सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं के सम्मान, गरिमा, अधिकारों और उनके सपनों की रक्षा का संकल्प भी है।

उन्होंने कहा कि जब समाज की हर बेटी और बहन सुरक्षित, सम्मानित और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ेगी, तभी राष्ट्र और अधिक सशक्त बनेगा।

अमित शाह ने सुख-शांति की कामना की

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देशवासियों को रक्षाबंधन के पावन पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह त्योहार भाई-बहन के अटूट स्नेह और विश्वास को समर्पित है। उन्होंने कामना की कि रक्षाबंधन सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए।

राजनाथ सिंह ने महिलाओं के सम्मान का दिया संदेश

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भाई-बहन के अटूट स्नेह, परस्पर विश्वास और आत्मीयता का यह पर्व भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और मूल्यों की सुंदर झलक प्रस्तुत करता है।

राजनाथ सिंह ने कहा कि रक्षाबंधन का पर्व महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और गरिमा के प्रति प्रतिबद्ध रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कामना की कि हमारा समाज महिलाओं के सम्मान, स्वाभिमान और सशक्तिकरण के प्रति और अधिक सजग एवं संवेदनशील बने।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts