BREAKING

छत्तीसगढराज्य

सेवा संकल्प अभियान के शिविरों में ग्रामीणों को मिला शासकीय योजनाओं और सेवाओं का लाभ

रायपुर, सेवा संकल्प अभियान के तहत बलरामपुर जिले के कोटडीह और करौंधा में आयोजित शिविरों में ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय योजनाओं और सेवाओं का लाभ दिया गया। शिविरों में जनप्रतिनिधियों ने हितग्राहियों को प्रमाण पत्र, ऋण पुस्तिका, आयुष्मान कार्ड और आवास स्वीकृति पत्र वितरित किए। विभागीय अधिकारियों ने योजनाओं की जानकारी देकर पात्र हितग्राहियों को उनका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

विकासखंड राजपुर के ग्राम कोटडीह में आयोजित शिविर में सरगुजा सांसद श्री चिंतामणि महाराज की उपस्थिति में पात्र हितग्राहियों को आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र सहित ऋण पुस्तिका एवं आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। शिविर में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं और उनके निराकरण के लिए संबंधित विभागों ने आवश्यक कार्रवाई की। एक ही स्थान पर जरूरी सेवाएं और दस्तावेज मिलने से ग्रामीणों को सुविधा हुई।

जनपद पंचायत कुसमी के ग्राम पंचायत करौंधा में आयोजित सेवा सेतु शिविर में सामरी विधायक श्रीमती उद्धेश्वरी पैकरा उपस्थित रहीं। क्लस्टर की 11 ग्राम पंचायतों से पहुंचे ग्रामीणों ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों पर सेवाओं और योजनाओं की जानकारी ली। शिविर में मिले 32 आवेदनों में से 30 का मौके पर निराकरण किया गया, जबकि शेष दो आवेदनों के समाधान के लिए समय-सीमा तय की गई।

विधायक श्रीमती पैकरा ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तीन हितग्राहियों को आवास स्वीकृति पत्र दिए और आवास निर्माण पूरा कर चुके दो हितग्राहियों को गृह प्रवेश के लिए चाबी सौंपी। इसके अलावा 15 हितग्राहियों को जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, पांच को ऋण पुस्तिका और तीन को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए। पक्के घर की चाबी पाकर हितग्राहियों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts