डिजिटल अरेस्ट मामले की जांच के दौरान छत्तीसगढ़ और असम पुलिस आमने-सामने आ गईं। गुवाहाटी में कार्रवाई के दौरान असम पुलिस ने छत्तीसगढ़ पुलिस की एक टीम को हिरासत में ले लिया। जानकारी के मुताबिक, टीम डिजिटल अरेस्ट केस में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गुवाहाटी पहुंची थी।
इस टीम में टीआई रविंद्र यादव सहित एक एएसआई, हवलदार और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। असम पुलिस का आरोप है कि छत्तीसगढ़ पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लेने के बाद दो अन्य आरोपियों को पैसे लेकर छोड़ दिया। इसी मामले में कार्रवाई करते हुए गुवाहाटी पुलिस ने करीब 50 लाख रुपए भी जब्त किए हैं।
बताया जा रहा है कि छोड़े गए आरोपियों की ओर से एफआईआर दर्ज कराई गई है, जिसके बाद यह पूरा मामला सामने आया। वहीं, इस घटनाक्रम को लेकर छत्तीसगढ़ पुलिस की ओर से दिए गए बयान में कुछ भ्रम की स्थिति बनी हुई है। फिलहाल दोनों राज्यों की पुलिस इस मामले में जांच और पूछताछ कर रही है।









